देहरादून। हिमालय आयुर्वेदिक योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय एवं हिमालयीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिकोत्सव सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। 11 फरवरी से 14 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रतिभा विकास, खेल भावना, अनुशासन, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान की उपाध्यक्षा एवं मुख्य अतिथि विदुषी निशंक ने ध्वजारोहण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता ही व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक जीवन मूल्यों का संचार करते हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति ने अपने संदेश में विद्यार्थियों से जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। उन्होंने संस्थान की समग्र एवं मूल्यपरक शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभागियों ने खेल भावना और अनुशासन का पालन करने का संकल्प लिया। वार्षिकोत्सव सप्ताह के अंतर्गत बैडमिंटन, क्रिकेट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, क्विज प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम का समापन 16 फरवरी को स्थापना दिवस समारोह के साथ गरिमामय वातावरण में किया जाएगा।
इस अवसर पर युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री एवं अधिवक्ता आर्यन देव उनियाल, डॉ. जी.एस. इंदौरिया, प्रति कुलपति डॉ. राकेश सुंदरियाल, कुलसचिव अरविंद अरोड़ा, संयुक्त निदेशक डॉ. प्रदीप कोठियाल, प्राचार्य डॉ. नीरज श्रीवास्तव, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. निशांत राय जैन सहित संस्थान के अनेक शिक्षकगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Please do not enter any spam link in the comment box