Type Here to Get Search Results !

पिनानी में क्रिकेट टूर्नामेंट का डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने किया उद्घाटन, बेटी विदुषी निशंक ने खिलाड़ियों को हर वर्ष प्रोत्साहन राशि देने का किया ऐलान

पिनानी (पौड़ी गढ़वाल)।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने अपने पैतृक गांव पिनानी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया। पिनानी में पहली बार आयोजित हो रहे इस क्रिकेट टूर्नामेंट में 27 से अधिक टीमों ने भाग लिया है। टूर्नामेंट के अंतर्गत प्रतिदिन दो मैच खेले जा रहे हैं, जिसे लेकर ग्रामीणों एवं युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
मैच के दौरान युवाओं के जोशीले नारों से पूरी घाटी गूंज उठती है, वहीं महिला मंगल दल पारंपरिक चौंफला नृत्य एवं लोकगीतों की धुनों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर आयोजन की शोभा बढ़ा रहे हैं।
इस अवसर पर डॉ. निशंक ने कहा कि हिमालय की गोद में जन्मा हर व्यक्ति असीम संभावनाओं से भरा है, चाहे वह खेल का क्षेत्र हो, सैनिकों का शौर्य-पराक्रम हो, मातृ शक्ति की जिजीविषा हो या फिर राजनीतिक क्षेत्र। उन्होंने युवाओं में खेल के प्रति बढ़ते रुझान को सकारात्मक बताते हुए अपने बचपन के अनुभव साझा किए।
डॉ. निशंक ने कहा कि जिन खेतों में आज क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जा रहा है, उन्हीं खेतों में उन्होंने हल जोतने से लेकर फसल कटाई तक हर कार्य किया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि यदि लगन, निष्ठा और समर्पण हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। साथ ही उन्होंने भविष्य में क्षेत्र में स्टेडियम निर्माण को लेकर राज्य सरकार से पहल करने की बात कही।
अपने पैतृक गांव पहुंची डॉ. निशंक की पुत्री विदुषी निशंक ने घोषणा की कि स्वर्गीय माता की स्मृति में स्थापित कुसुम कांता फाउंडेशन के माध्यम से खिलाड़ियों को हर वर्ष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने महिला मंगल दल एवं युवक मंगल दलों को मुख्यधारा से जोड़कर गांव को विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ाने पर जोर दिया तथा स्वयं इसके लिए प्रतिबद्ध रहने की बात कही।
कार्यक्रम में पौड़ी ब्लॉक प्रमुख स्मिता नेगी, पाबो के ज्येष्ठ प्रमुख राजपाल गुसाईं, थैलीसैंण के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख बालकृष्ण चमोली सहित कई ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, महिला मंगल दल एवं युवक मंगल दलों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने जबरौली महादेव में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.